Friday, July 10, 2026

सीआरसी जयपुर की पुनर्वास सेवाओं को मिली नई मजबूती, मानव सेवा ट्रस्ट ने भेंट किए आधुनिक फिजियोथेरेपी उपकरण

जयपुर। शाबाश इंडिया

समाज के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए मानव सेवा ट्रस्ट राजस्थान ने समेकित क्षेत्रीय कौशल विकास, पुनर्वास एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण केंद्र (सीआरसी), जयपुर को आधुनिक फिजियोथेरेपी उपकरण प्रदान किए। इन उपकरणों के मिलने से दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंद लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही पुनर्वास सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाया जा सकेगा।

आधुनिक फिजियोथेरेपी उपकरणों का विधिवत शुभारंभ नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड (NAB, मुंबई) के मानद महासचिव एवं चेयरमैन ट्रस्टी डॉ. विमल कुमार डेंगला, सीआरसी जयपुर के निदेशक नीरज मधुकर एवं मानव सेवा ट्रस्ट के प्रबंध निदेशक कौशल सत्यार्थी ने किया।

स्वास्थ्य कल्याण होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं रिसर्च सेंटर के वरिष्ठ होम्योपैथ, आचार्य, चिकित्सक, ट्रस्ट सदस्य एवं मीडिया प्रभारी प्रो. डॉ. राजीव सक्सेना ने बताया कि लगभग 1.70 लाख रुपए मूल्य के इन आधुनिक उपकरणों में ट्रैक्शन बेड, स्टैटिक साइकिल, एंकल एक्सरसाइज मशीन, ट्रैम्पोलिन, स्विस बॉल, टेरा ट्यूब्स, शॉर्टवेव मशीन, टी-पुली, शोल्डर व्हील एवं मल्टीपर्पज एक्सरसाइज मशीन सहित अन्य उपकरण शामिल हैं।

डॉ. विमल कुमार डेंगला ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह सहयोग सामाजिक सहभागिता, सेवा भावना एवं समावेशी विकास की दिशा में प्रेरणादायी कदम है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास दिव्यांगजनों के पुनर्वास एवं सशक्तिकरण के लिए समाज की सामूहिक भागीदारी को मजबूत करते हैं।

सीआरसी जयपुर के निदेशक नीरज मधुकर ने मानव सेवा ट्रस्ट के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग संस्थान की पुनर्वास सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

ट्रस्ट के प्रबंध निदेशक कौशल सत्यार्थी ने बताया कि इन उपकरणों का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क, बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराने में सहयोग करना है।

मानव सेवा ट्रस्ट राजस्थान शिक्षा, स्वास्थ्य, दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है और समाज के जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए विभिन्न सेवा कार्यों का संचालन कर रहा है।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar