कलेक्टर और एसपी ने लिया मुनिश्री का आशीर्वाद; गोलाकोट तीर्थ में उमड़ा जनसैलाब
अशोकनगर/गोलाकोट। तीर्थोदय तीर्थ गोलाकोट में चल रहे श्रीमद् जिनेंद्र पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महामहोत्सव, विश्व शांति महायज्ञ एवं गजरथ महोत्सव के दौरान भक्ति का अनुपम दृश्य देखने को मिल रहा है। प्रतिष्ठाचार्य प्रदीप भैया के निर्देशन और मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस महोत्सव में भक्तों का सैलाव उमड़ पड़ा।
प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया आशीर्वाद
महोत्सव के दौरान शिवपुरी कलेक्टर रविंद्र सिंह चौधरी, एसपी अमन सिंह राठौर, पूर्व कलेक्टर आर.के. जैन, एसडीओपी (पिछोर) प्रशांत शर्मा और एसडीएम ममता शाक्य ने तीर्थोदय गोलाकोट पहुँचकर राष्ट्र संत मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज ससंघ का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री चौधरी ने जैन समाज के जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की और पिछोर में 100 बिस्तर के अस्पताल निर्माण में शासन के सहयोग की बात कही।
मुनिश्री का दिव्य संदेश: “मन, वचन और कर्म की शुद्धि ही वास्तविक सुख”
धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि श्री सुधासागर जी महाराज ने कहा कि जगत में दो तरह के लोग होते हैं। एक वे जो अपनी जिंदगी को आनंदमय बनाते हैं और दूसरे वे जिनके जन्म लेने से सारा जगत आनंदित हो जाता है। उन्होंने कहा:
“मेरा मन अच्छा हो, सोच अच्छी हो, वचन और कर्म अच्छे हों, तभी जीवन सुखदायी बनता है। अच्छा व्यक्ति ध्रुव तारे की तरह चमकता है। तीर्थंकर का जन्म केवल स्वयं के लिए नहीं, बल्कि समस्त जीवों के कल्याण के लिए होता है।”
मुनिश्री ने राजा ऋषभदेव के वैराग्य प्रसंग पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राग से वैराग्य की ओर गमन ही मोक्ष का मार्ग है। उन्होंने नीलांजना के नृत्य और उसके माध्यम से उत्पन्न वैराग्य के मर्म को समझाते हुए बताया कि कैसे देवों ने प्रभु को वैराग्य पथ पर अग्रसर करने के लिए योजना बनाई।
अशोकनगर जैन समाज ने समर्पित की द्रव्य
जैन समाज के मंत्री विजय धुर्रा ने बताया कि अशोकनगर जैन समाज के अध्यक्ष राकेश कासंल और महामंत्री राकेश अमरोद के नेतृत्व में समाज के पदाधिकारियों ने पंचकल्याणक महोत्सव हेतु द्रव्य भेंट की। इस दौरान दयोदय महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद प्रेमी, प्रवक्ता विजय धुर्रा और अन्य प्रमुख जनों ने दीप प्रज्ज्वलन किया।
धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक मंचन
प्रातः काल मंगलाष्टक के साथ महापूजन हुआ। सौधर्म इंद्र (राकेश वास्तु), कुबेर इंद्र (पीयूष जैन, दिल्ली) और महायज्ञ नायक (सत्येंद्र जैन, दिल्ली) द्वारा विश्व शांति की कामना के साथ शांतिधारा की गई। रात्रि में भगवान की बाल क्रीड़ाओं का सुंदर मंचन किया गया, जिसे देख श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। भगवान का पालना झुलाने का सौभाग्य सत्येंद्र कुमार जैन और कुबेर इंद्र परिवार को प्राप्त हुआ।
अतिथियों का अभिनंदन
तीर्थ क्षेत्र कमेटी के संरक्षक सत्येंद्र जैन, अध्यक्ष आई.पी.एस. शांत कुमार, कार्याध्यक्ष राकेश जैन और महामंत्री डॉ. चक्रेश जैन सहित पूरी कमेटी ने प्रशासनिक अधिकारियों का भव्य अभिनंदन किया।


