आगरा। बोदला स्थित अवधपुरी के श्री पदमप्रभु जिनालय में 30 नवंबर को श्री पदमप्रभु जिनालय परिवार द्वारा श्रद्धा,भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह से ओतप्रोत श्री पदमप्रभु विधान का पावन आयोजन सानंद सम्पन्न हुआ। सुबह 7 बजे श्रीजी के जलाभिषेक और शांतिधारा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ,जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। शांत संगीत, मंत्रोच्चारण और भक्तिमय वातावरण ने सम्पूर्ण परिसर को दिव्यता से भर दिया।अभिषेक के पश्चात विधान की विभिन्न पूजन-विधियों, मंगलाष्टकों और आराधना का क्रम अत्यंत विधि पूर्वक सम्पन्न किया गया।
श्रद्धालुओं ने इसे आत्मकल्याण, सम्यक भावना और अंतर्मन की शांति प्राप्त करने का अनुपम अवसर बताया। प्रातःकालीन समय से ही अनेक साधर्मी परिवार जिनालय में पहुँचकर प्रभु पदमप्रभु की कृपा का वरण करते रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रीजी के समक्ष निरंतर भक्ति,आराधना और शुभेच्छाओं की धारा प्रवाहित होती रही। समाजजनों ने ऐसे पावन आयोजनों को समुदाय में संस्कार, सात्त्विकता और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रसारित करने वाला बताया।कार्यक्रम में प्रवीन कुमार जैन, विवेक जैन, इंद्रप्रकाश जैन,रवि जैन,नरेंद्र कुमार जैन,जितेन्द्र जैन,मनीष जैन,धवल जैन,राकेश जैन,शुभम जैन,रीता जैन, करुणा जैन,पुष्पा जैन, सीमा जैन, सुनीता जैन,शालू जैन सहित समस्त अवधपुरी जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


