Saturday, September 21, 2024

ज्ञानतीर्थ पर होगा आदिनाथ भगवान का महा मस्तकाभिषेक

22 अक्टूबर को होगा वार्षिक मेले का आयोजन
मनोज नायक/मुरेना।
ज्ञानतीर्थ क्षेत्र जैन मंदिर में रविवार 22 अक्टूबर को वार्षिक मेले के अवसर पर श्री 1008 भगवान आदिनाथ का महामस्तकाभिषेक किया जायेगा। आचार्यश्री ज्ञानसागर महाराज की प्रेरणा एवम आशीर्वाद से ए बी रोड हाइवे पर निर्मित ज्ञानतीर्थ जैन मंदिर में चतुर्मासरत आचार्य श्री ज्ञेयसागर महाराज, मुनिश्री ज्ञातसागर महाराज, मुनिश्री नियोगसागर महाराज, क्षुल्लक श्री सहजसागर महाराज के पावन सान्निध्य में भगवान आदिनाथ का स्वर्ण व रजत कलशों से जलाभिषेक किया जायेगा।
क्षेत्र पर विराजमान ब्रह्मचारिणी बहिन अनीता दीदी ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्षिक मेले एवम महा मस्तकाभिषेक महोत्सव के अवसर पर रविवार 22 अक्टूबर को प्रातः अभिषेक, शांतिधारा के साथ भगवान आदिनाथ का विशेष रूप से पूजन किया जायेगा। दोपहर 02 बजे मंगलाचरण के साथ भक्तामर दीप अर्चना, शाम 04 बजे पूज्य गुरुदेव आचार्यश्री ज्ञेयसागर महाराज के मंगल प्रवचन एवम 04.30 बजे ज्ञानतीर्थ क्षेत्र पर विराजमान बड़े बाबा श्री आदिनाथ भगवान का महामस्तकाभिषेक होगा। महोत्सव की समस्त धार्मिक क्रियाएं प्रतिष्ठाचार्य संजय शास्त्री सिहोनियां संपन्न कराएंगे। महोत्सव में सविता दीदी, रेखा दीदी, मंजुला दीदी, सरिता दीदी, ललिता दीदी का निर्देशन प्राप्त होगा। बालक बालिकाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जायेगें, साथ ही मनीष एंड पार्टी द्वारा संगीत की मधुर लहरी के साथ जिनेन्द्र प्रभु की भक्ति एवम भजनों की प्रस्तुति भी होगी।
उक्त महोत्सव के संयोजक निर्मल जैन भंडारी द्वारा प्रदत्त जानकारी के अनुसार ज्ञानज्ञेय वर्षयोग समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में ज्ञानतीर्थ आवागमन हेतु गोपीनाथ की पुलिया एवम नसियां जी जैन मंदिर मुरेना से वाहन व्यवस्था उपलब्ध रहेगी । महोत्सव में सम्मिलित होने वाले सभी महानुभावों के स्वल्पाहार एवम भोजनादि की समुचित व्यवस्था की गई है। ज्ञानतीर्थ परिवार की ओर से योगेश जैन खतोली, रूपेश जैन चांदी वाले, जिनेश जैन कालू, विजय जैन मंत्री ने सभी साधर्मी बंधुओं से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में सम्मिलित होने की अपील की है।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article