Saturday, September 21, 2024

जैनेश्वरी मुनि दीक्षा महोत्सव पर 25 अक्टूबर को बड़ौत में जुटेंगे जैन श्रद्धालु

दिगम्बराचार्य विशुद्ध सागर जी महाराज देंगे निर्गन्थ दीक्षा

बड़ौत (यूपी): राजकीय अतिथि चर्या शिरोमणि आचार्य श्री 108 विशुद्ध सागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में 25 अक्टूबर को बड़ौत के दिगम्बर जैन कॉलेज के सी फील्ड में दोपहर 12:27 बजे से 8 बाल ब्रह्मचारी दीक्षार्थी बंधुओ का मुनि दीक्षा महोत्सव बड़ौत दिगम्बर जैन समाज समिति के तत्वावधान में धूमधाम से मनाया जायेगा। ऐशो आराम और करोड़ो की संपदा, सांसारिक जीवन को छोड़कर 8 संयमी युवा जैन मुनि दीक्षा लेंगे। दीक्षा महोत्सव में 10,000 से अधिक जैन श्रद्धालु देश-विदेश के अनेक स्थानों से सम्मिलित होंगे।

जब वैराग्य जगा आदि मन मे, जिन दीक्षा ली जाकर वन में
4 दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ 22 अक्टूबर को सुबह 6 बजे हल्दी रस्म से होगा। शाम को 6 बजे से ऋषभ सभागार मे मेहंदी रस्म और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
वहीं 23 अक्टूबर को दोपहर 12:15 बजे से मुनि दीक्षार्थियों की बिनोली (शोभायात्रा) निकाली जायेगी। जो अतिथि भवन से प्रारंभ होकर नेहरू मूर्ति, महावीर मार्ग, कैनाल रोड, गाँधी रोड से होती हुई मान स्तंभ परिसर पर पहुंच कर संपन्न होगी।
इसके बाद 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे दीक्षार्थियो का आहारचर्या अभ्यास, दोपहर 1 बजे से गण धरवलय विधान और रात्रि 3 बजे केशलोच संपन्न होगा।

वहीं मुख्य कार्यक्रम 25 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर 27 मिनट से भव्य जैनेश्वरी मुनि दीक्षा समारोह आचार्य विशुद्ध सागर जी महाराज के सानिध्य और पंडित श्रेयांस जैन के निर्देशन में पारम्परिक क्रियाओं के साथ संपन्न होगा।

बड़ौत दिगंबर जैन समाज समिति के अध्यक्ष प्रवीण जैन को दीक्षा महोत्सव का प्रथम निर्देशक संयोजक और सुनील जैन तेल वालो को दीक्षा महोत्सव का द्वितीय संयोजक बनाया गया है।दीक्षा कार्यक्रम हेतु दिगंबर जैन कॉलेज के सी फील्ड मे भव्य पांडाल बनाया जा रहा है। पूरे बड़ौत नगर को दुल्हन की तरह सजाया जायेगा। बाहर से पधारे यात्रियों को ठहराने के लिए बड़ौत की सभी धर्मशालायें और होटल बुक कर दिये गए है।
बड़ौत के सभी दिगंबर व श्वेतांबर जैन समाज ही नही, बल्कि स्थानीय सभी जैनेत्तर समाज में भी दीक्षा महोत्सव की विशेष उत्साह है।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article